खेत के अंदर पानी लगाने गए व्यक्ति पर सोमवार रात को कुछ युवकों द्वारा गोली चलाने व मारपीट किए जाने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बवानीखेड़ा पुलिस थाने का घेराव किया। ग्रामीणों ने थाने के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर जमकर हंगामा किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की।
पुलिस की तरफ से आरोपियों की गिरफ्तारी पर कोई संतोषजनक आश्वासन नहीं मिलने पर ग्रामीण भड़क उठे और थाने के अंदर ही नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों ने शाम पांच बजे तक आरोपियों की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया। जिस पर डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने वीरवार सुबह तक आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। इस पर ही ग्रामीण शांत हुए। थाने पहुंचे एडवोकेट राजेश सिंध, पार्षद बलवंत, रामगौरी ,पार्षद रमेश काजल ने बताया पिछले सप्ताह से बवानीखेडा निवासी रामप्रसाद के बेटे के साथ कुछ युवकों ने हथियार के बल पर मारपीट की थी। इस मामले में अभी गिरफ्तारी नहीं की गई। बवानीखेड़ा पुलिस थाना प्रभारी विक्रम जॉनसन ने बताया कि पुलिस ने पीजीआई में दाखिल रामप्रसाद के ब्यान पर आरोपी संदीप व सुनील के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सुन्दर ब्रांच खेतों में हुई वारदात के मामले की तह तक जांच की जारी रही है। वे खुद मौके पर गए थे। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।