अलख ऑयल मिल के मालिकों द्वारा 14 से अधिक गांवो के किसानों को डेढ़ करोड़ रुपये से ज्यादा की चपत लगाकर फरार होने के मामले को लेकर बुधवार को नई अनाज मंडी में किसानों की पंचायत हुई। किसानों ने कहा कि उन्होंने मिल मालिकों के विश्वास पर अपनी खून पसीने की मेहनत से उपजाई फसल मिल मालिकों के विश्वास पर दी थी। लेकिन, मिल मालिकों ने उनका विश्वास तोड़ा है। पीड़ित लोगों ने बाद में पुलिस से भी मुलाकात की।
बुधवार को आयोजित पंचायत में भारतीय किसान यूनियन युवा प्रदेश अध्यक्ष रवि आजाद भी पंचायत में पहुंचे और उन्होंने यूनियन की तरफ से किसानों को सहयोग का आश्वासन दिया। किसानों ने पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे पर कार्रवाई को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। लोगों ने कहा कि पुलिस मामले में त्वरित कार्रवाई की जगह ढ़ुलमुल रवैया अपना रही है। भाकियू युवा प्रदेश अध्यक्ष रवि आजाद ने कहा कि एक साजिश के तहत मिल मालिकों द्वारा किसानों के साथ ठगी की गई है। भाकियू पीड़ित किसानों के साथ है। किसानों को न्याय दिलवाने व दोषी मिल मालिकों पर कार्रवाई को लेकर अगर पुलिस प्रशासन ने सही कदम नहीं उठाए तो भाकियू आंदोलन करेगी। बाद में किसान बहल थाने में पहुंचे और थाना प्रभारी से मामले की प्रोग्रेस रिपोर्ट जानी। थाना प्रभारी की बात पर जब किसान संतुष्ट नहीं हुए तो उन्होंने डीएसपी गजेंद्र से बात की। डीएसपी ने भाकियू से कल तक का समय मांगा। अब बृहस्पतिवार को इस मामले में किसानों के साथ मिलकर भाकियू आगामी रणनीति तय करेगी। इस मौके पर मीरसिंह, हरपाल, दलबीर, बलवान ढ़ाणी केहरा, दिनेश सांगवान, वीरेंद्र गोकलपुरा आदि किसान मौजूद रहे।
फोटो 49