भिवानी। शहर थाना पुलिस ने नया बाजार क्षेत्र में हुई अनिल उर्फ बिल्लू की हत्या के मामले में आरोपी देवास को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी देवास नशे का आदी है और उसके खिलाफ पहले भी लड़ाई-झगड़े के दो मामले दर्ज हैं।
घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे की है। रामदत्त गली निवासी 45 वर्षीय अनिल उर्फ बिल्लू नया बाजार में फुटपाथ पर लगी एक स्टॉल के पास खड़ा था। इसी दौरान अचानक देवास वहां पहुंचा और किसी बात पर झगड़ा करते हुए अनिल को जोर से थप्पड़ जड़ दिया। थप्पड़ लगते ही अनिल जमीन पर गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी देवास अनिल को कंधे पर उठाकर उसके घर तक छोड़कर आया। परिजनों ने जब अनिल को बेसुध हालत में देखा तो तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शहर थाना प्रभारी सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि पुलिस ने वारदात की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। फुटेज में स्पष्ट दिखाई देता है कि आरोपी के थप्पड़ मारते ही अनिल नीचे गिर गया और उसके बाद नहीं उठ सका। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि दोनों के बीच गाली-गलौज के बाद झगड़ा हुआ था।