भिवानी। बैंक कॉलोनी स्थित दुर्गा स्पोर्ट्स अकादमी के मुए थाई खिलाड़ी सूरज तंवर का चयन सऊदी अरब के बहरीन में होने वाले तीसरे एशियन यूथ ओलंपिक खेलों के लिए हुआ है। सूरज 45 किलोग्राम भार वर्ग में भारतीय टीम की ओर से देश का प्रतिनिधित्व करेगा।
मुए थाई खेल संघ हरियाणा के महासचिव और दुर्गा स्पोर्ट्स अकादमी के कोच सोमबीर वशिष्ठ ने बताया कि यह प्रतियोगिता 22 से 31 अक्तूबर तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि भिवानी के खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। दुर्गा स्पोर्ट्स अकादमी के अध्यक्ष मुकेश तंवर और मुख्य कोच सोमबीर वशिष्ठ ने बताया कि सूरज तंवर रोजाना सुबह-शाम छह से सात घंटे तक कठिन अभ्यास कर रहा है।
सूरज इससे पहले संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में आयोजित वर्ल्ड यूथ मुए थाई चैंपियनशिप में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुका है। सूरज अब तक चार बार राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीत चुका है। इस अवसर पर सज्जन कंवर, मितलेश तंवर, विशाल, दीपक भाकर और गौरव वशिष्ठ मौजूद रहे।