भिवानी। डीआरडीए हॉल में फसल अवशेष प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रों के लिए ऑनलाइन ड्रॉ निकाला गया, जिसमें सामान्य श्रेणी के 403 किसानों का चयन किया गया। अनुसूचित जाति वर्ग के सभी योग्य किसानों को पहले ही चयनित किया जा चुका है। सामान्य श्रेणी में बेलर यंत्र के लिए कुल आवेदनों का 28 प्रतिशत और अन्य कृषि यंत्रों के लिए 33 प्रतिशत लक्ष्य तय था।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय चोपड़ा ने किसानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक कृषि यंत्रों का उपयोग कर फसल अवशेषों का प्रबंधन करें, जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़े और पर्यावरण स्वच्छ रहे। उप कृषि निदेशक विनोद कुमार फोगाट ने बताया कि वर्ष 2025-26 में आरकेवीवाई योजना के सीआरएम घटक के तहत कुल 1241 आवेदन प्राप्त हुए थे। चयनित किसानों की सूची सहायक कृषि अभियंता कार्यालय के सूचना पट्ट पर चस्पा कर दी गई है और किसानों को मोबाइल पर सूचित भी किया जा रहा है।
सहायक कृषि अभियंता मनीष कुमार ने बताया कि चयनित किसान 8 सितंबर तक अपने सत्यापित दस्तावेज कार्यालय में जमा कराएं या पोर्टल पर अपलोड करें। दस्तावेज सत्यापन के बाद पात्र किसानों को ऑनलाइन अनुदान पात्रता प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।
इसके बाद किसान 25 सितंबर तक अनुमोदित कंपनी से कृषि यंत्र खरीदकर, 30 सितंबर तक संबंधित दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करवा सकते हैं। इस अवसर पर प्रगतिशील किसान सुरेश शर्मा, अग्रणी बैंक मैनेजर विभूति पांडेय, कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ. करिश्मा नंदा, इंजीनियर तरुण कुमार और रामबीर जेई मौजूद रहे।