भिवानी के गांव मंढाना के 33 केवी पावर सब स्टेशन में नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए तैयार की गई ज
भिवानी। अब विद्युत वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से गांव मंढाना के 33 केवी पावर सब स्टेशन में आठ एमवीए क्षमता का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। फिलहाल पावर सब स्टेशन पर 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर संचालित है।
सब स्टेशन क्षमता वृद्धि से ओवर लोडिंग व पीक आवर्स में पावर कट की समस्या नहीं रहेगी। इसके लिए हिसार कंस्ट्रक्शन के चीफ इंजीनियर ने संबंधित फर्म को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। इस पर 92 लाख रुपये की लागत आएगी। ये कार्य दो माह में पूरा होगा।
गांव मंढाणा के 33 केवी पावर सब स्टेशन से गांव धनाना, जताई, तिगड़ाना, मंढाना और आसपास के गांवों के खेतों में बिजली आपूर्ति कराई जा रही है। इस सब स्टेशन से करीब साढ़े 12 हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति मिलती है।
इस सब स्टेशन से इलेवन केवी धनाना, मंढाना, तिगड़ाना, आरडीएस फीडर और प्रेम नगर एपी फीडर भी जुड़े हैं। आठ केवीए क्षमता का बिजली ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बाद इन इलाकों में बिजली फाल्ट और कम वोल्टेज बिजली की समस्या से निजात मिल जाएगी।
-
उपायुक्त के खुले दरबार में ग्रामीणों ने सब स्टेशन पर बिजली ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग रखी थी। इस पर निगम ने आठ केवीए का अतिरिक्त बिजली ट्रांसफार्मर मंढाना पावर सब स्टेशन पर लगाए जाने के वर्क ऑर्डर कर दिए हैं। दो माह में ये ट्रांसफार्मर सब स्टेशन पर स्थापित करा दिया जाएगा। जिसके बाद इससे जुड़े फीडरों और गांवों में बिजली आपूर्ति पहले से अधिक बेहतर होगी।
-बिजेंद्र सिंह लांबा, महाप्रबंधक, भिवानी सर्कल दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम।