लोहारू (भिवानी)। गांव बारवास स्थित एक राजकीय विद्यालय में कक्षा 11वीं के छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। बुधवार को हुई घटना में घायल छात्र का भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पीड़ित छात्र ने आरोप लगाया कि उसके साथ विद्यालय में तीन अध्यापकों ने चार बार मारपीट की। घटना के बाद उसने घर पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन उसे लोहारू के उप नागरिक अस्पताल ले गए जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे भिवानी रेफर कर दिया।
विज्ञापन
छात्र के माता-पिता और भाई ने विद्यालय पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया। परिजनों का आरोप है कि उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर न्याय दिलाने की मांग की। इस संबंध में पुलिस थाने में शिकायत भी दी गई है।
मारपीट के आरोपों को बताया निराधार
दूसरी ओर संबंधित अध्यापक ने छात्र के साथ मारपीट के आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि छात्राओं ने कक्षा 12वीं के कुछ विद्यार्थियों के खिलाफ टिप्पणी करने, गंदे इशारे करने और गाली-गलौच करने की शिकायत दी थी। इसी आधार पर छात्र से पूछताछ की गई थी, लेकिन उसके साथ मारपीट नहीं की गई। अध्यापक ने आरोप लगाया कि छात्र के परिजनों ने विद्यालय पहुंचकर तोड़फोड़ की। उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।