भिवानी। नागरिक अस्पताल में चार लिफ्ट होने के बावजूद मरीजों को वार्डों तक पहुंचने के लिए सीढ़ियां चढ़नी पड़ रही हैं, क्योंकि सभी लिफ्ट लंबे समय से खराब पड़ी हैं। लिफ्टों की बार-बार मरम्मत कर उन्हें अस्थायी रूप से चालू किया जाता है, लेकिन कुछ ही समय बाद वे फिर से बंद हो जाती हैं।
इसके अलावा अस्पताल की ओपीडी और आपात विभाग में व्हीलचेयर और स्ट्रेचर की भारी कमी है। कई बार जरूरत पड़ने पर मरीजों को व्हीलचेयर तक नहीं मिलती, जिससे तीमारदारों को मरीजों को गोद में उठाकर उपचार कक्ष या बेड तक ले जाना पड़ता है। बता दें कि जिला नागरिक अस्पताल की लिफ्ट करीब चार दशक पुरानी है। ये लिफ्ट आए दिन खराब हो जाती हैं। ऐसे में नागरिक अस्पताल के वार्डों में पहुंचने के लिए मरीज व तीमारदार सीढ़ियों पर चढ़ते-चढ़ते हांफ जाते हैं।
नागरिक अस्पताल के प्रभारी डॉ. बलवान ने कहा कि ओपीडी और आपात विभाग के अलावा प्रत्येक वार्ड में व्हीलचेयर और स्ट्रेचर पर्याप्त मात्रा में मुहैया कराए गए हैं। ओपीडी और आपात विभाग में तो कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है। गेट पर 24 घंटे व्हीलचेयर और स्ट्रेचर रखा जाना अनिवार्य है, ताकि किसी भी गंभीर और आपात स्थिति में मरीज को तुरंत माइनर ओपीडी तक पहुंचाया जा सके। लिफ्टों की समस्या के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया है। उम्मीद है कि जल्द समाधान हो जाएगा।