भिवानी। महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला एवं किशोरी सम्मान योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत जिले में बीपीएल परिवारों की 10 से 45 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं एवं किशोरियों को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से निशुल्क सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध करवाए जाएंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा ने बताया कि मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर जागरूकता की कमी और सामाजिक संकोच के कारण कई महिलाएं एवं किशोरियां स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह योजना शुरू की है ताकि जरूरतमंद महिलाओं और किशोरियों को आवश्यक स्वच्छता सामग्री आसानी से उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए पात्र लाभार्थियों को अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र पर परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) के साथ पंजीकरण करवाना होगा। पंजीकरण के बाद पात्र महिलाओं एवं किशोरियों को प्रत्येक माह विभाग की ओर से निशुल्क सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के लिए महिला अधिकारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं। वे अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर पात्र लाभार्थियों की पहचान करेंगी और उनका पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करेंगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र महिला या किशोरी को जानकारी के अभाव में योजना से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने जिले की सभी पात्र महिलाओं एवं किशोरियों से अपील की कि वे समय पर पंजीकरण करवाकर इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठाएं। यह पहल महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण के साथ-साथ उन्हें स्वच्छता एवं आत्मसम्मान के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।