भिवानी। निकाय एवं अग्निशमन कर्मचारियों का आंदोलन एक माह से अधिक समय से जारी है और सोमवार को एआईयूटीयूसी व एआईडीवाईओ ने धरना स्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों को समर्थन दिया। एआईयूटीयूसी के जिला सचिव कामरेड राजकुमार बासिया और एआईडीवाईओ के जिला प्रधान संदीप मेहरा ने हरियाणा सरकार से 13 मई को हुए समझौते को तत्काल लागू करने की मांग की।
कामरेड राजकुमार बासिया ने कहा कि निकाय कर्मचारियों के आंदोलन को 30 दिन से अधिक हो चुके हैं लेकिन सरकार अपने ही वादों को लागू नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि 13 मई को सरकार और कर्मचारियों के बीच समझौता हुआ था, जिसे अब तक लागू नहीं किया गया। इससे कर्मचारियों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
उन्होंने आंदोलनरत महिला सफाई कर्मचारियों पर पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा कथित बल प्रयोग की निंदा करते हुए इसे शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से करना चाहिए।
एआईडीवाईओ के जिला प्रधान संदीप मेहरा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का काम स्थायी प्रकृति का है, इसलिए उन्हें बिना देरी नियमित कर्मचारी का दर्जा दिया जाना चाहिए। उन्होंने जोखिमपूर्ण कार्य करने वाले अग्निशमन कर्मचारियों को भी नियमित करने की मांग की।
दोनों संगठनों के नेताओं ने सरकार से अड़ियल रुख छोड़कर 13 मई के समझौते की सभी शर्तें लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को उनका वाजिब हक मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा और युवा संगठन इस संघर्ष में उनके साथ खड़े रहेंगे।