उप राष्ट्रपति का नामांकन दिखाते जगत सिंह।
भिवानी (चांग)। बिजली निगम से लिपिक पद से सेवानिवृत्त हो चुके 71 वर्षीय जगत सिंह ने अब उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है। इससे पहले वह राष्ट्रपति पद के लिए तीन बार नामांकन कर चुके हैं लेकिन औपचारिकताएं पूरी न कर पाने की वजह से हर बार उनका आवेदन रद्द होता रहा है।
मूल रूप से गांव चांग निवासी जगत सिंह वर्ष 2012 में बिजली निगम से लिपिक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उसी वर्ष उन्होंने पहली बार राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन भरा था लेकिन नियम-कायदे पूरे न होने से आवेदन खारिज हो गया था। इसके बाद उन्होंने 2017 और 2022 में भी राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन किया मगर हर बार प्रक्रिया अधूरी रहने के चलते नामांकन रद्द कर दिया गया। अब उन्होंने उप राष्ट्रपति पद के लिए आवेदन दाखिल किया है।
जगत सिंह का कहना है कि उनका मकसद सरकारी कर्मचारियों की समस्याओं को दूर कराना है। हिसार और भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से लोकसभा चुनाव में भी नामांकन कर चुके हैं। हालांकि जरूरी शर्तें पूरा नहीं कर पाने के कारण इस बार भी उनका नामांकन होना तय है।