जिला न्यायालय अधिवक्ता परिसर की सुरक्षा को लेकर मंथन करते जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं
भिवानी। जिला न्यायालय परिसर में बढ़ती भीड़ और सुरक्षा को लेकर अधिवक्ताओं ने बुधवार को विशेष मंथन किया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट संदीप तंवर ने बताया कि न्यायालय परिसर के मुख्य गेटों पर सुरक्षा व्यवस्था लंबे समय से सवालों के घेरे में है इसलिए तत्काल प्रभाव से इसे मजबूत किए जाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल की शुरुआत में ही उन्होंने उपायुक्त को शिकायत पत्र सौंपकर गेट नंबर-1 और गेट नंबर-2 पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग उठाई थी। बार की ओर से अधिवक्ता चैंबर परिसर में 35 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर उन्हें पूरी तरह सक्रिय भी रखा गया है, लेकिन मुख्य द्वारों पर कैमरे लगाने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की है।
बैठक में मौजूद अधिवक्ताओं ने भी न्यायालय के मुख्य प्रवेश द्वारों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए एकमत से कहा कि बढ़ते केसों और लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा चूक की संभावना भी बढ़ जाती है। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए मुख्य गेटों पर सीसीटीवी कैमरों की स्थापना अनिवार्य है।