सिरसा के हिसार रोड पर पेड़ों पर लगे पोस्टरों को हटाते वन विभाग के कर्मचारी।
सिरसा। आखिरकार वन विभाग ने पेड़ों पर कीलें लगाकर विज्ञापनों के पोस्टर लगाने वालों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। वन विभाग के कर्मचारियों ने सोमवार को इन पोस्टरों और विज्ञापनों को हटा दिया।
डबवाली रोड, सिरसा रोड पर कुछ निजी अस्पतालों और कोचिंग सेंटरों ने वन विभाग की ओर से सड़क किनारे लगाए गए पेड़ों पर कीलें गाढ़कर अपने विज्ञापन और पोस्टर लगाए थे। ऐसा करना अवैध है। इसके बावजूद नियमों को ताक पर रखकर कई लोग पेड़ों पर विज्ञापन और पोस्टर लगा रहे थे। पर्यावरण संरक्षकों ने वन विभाग में शिकायत कर इन्हें हटाने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
इसलिए अमर उजाला ने सोमवार के अंक में इस समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था, इसके बाद वन विभाग जागा और सोमवार को ही हाईवे पर लगे पेड़ों से इन विज्ञापनों को हटा दिया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार पेड़ों पर कील ठोकने से उनके तने पर गहरा घाव हो जाता है। इस घाव न भरने के कारण इन पेड़ों की जड़ों से पत्तियों की ओर पानी और खनिज जाने और ऊपर से नीचे भोजन जाने की प्रक्रिया बुरी तरह बाधित हो जाती है। इससे उनकी पत्तियां गिरने लगती हैं और पेड़ सूखने लगते हैं।
अमर उजाला के माध्यम से सोमवार को सूचना मिली कि पेड़ों पर कीलों के माध्यम से पोस्टर और बैनर चस्पा किए गए थे। इसलिए सोमवार को ही कई पेड़ों से यह पोस्टर और विज्ञापन हटा दिए गए हैं। इसके लिए विभाग के कर्मचारियों ने विस्तृत अभियान चलाया है। मंगलवार को कुछ संस्थानों को नोटिस जारी कर सभी आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।
- सतीश कुमार, जिला वन अधिकारी, सिरसा।