भिवानी। अग्निपथ योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी और भिवानी जिले के अभ्यर्थियों के फिजिकल टेस्ट के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। भर्ती निदेशक कर्नल के. संदीप ने बताया कि अभ्यर्थी ज्वाइन इंडियन आर्मी की वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
भर्ती रैली का आयोजन 2 से 15 सितंबर तक भिवानी के भीम स्टेडियम में होगा। भर्ती निदेशक ने बताया कि भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों को 1600 मीटर दौड़, चिन-अप, नौ फीट गड्ढा पार करना तथा जिग-जैग बैलेंस सहित विभिन्न शारीरिक दक्षता परीक्षाओं से गुजरना होगा।
उन्होंने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में किसी प्रकार की परेशानी आती है तो वह सेना भर्ती कार्यालय, चरखी दादरी से संपर्क कर सकता है, जहां हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कर्नल के. संदीप ने बताया कि अग्निवीर क्लर्क और मल्टीपल कैटेगरी की भर्ती रैली अंबाला में आयोजित होगी। इसकी सूचना संबंधित अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत ई-मेल पर भेजी जाएगी।
उन्होंने युवाओं से किसी भी प्रकार के बहकावे में न आने की अपील करते हुए कहा कि भारतीय सेना की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क, पारदर्शी और योग्यता आधारित है।
ये दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
फिजिकल टेस्ट में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 10वीं और 12वीं की अंकतालिका, हरियाणा निवास प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र, भर्ती अधिसूचना के अनुसार शपथ पत्र, 20 रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो तथा अविवाहित होने का प्रमाणपत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। जिन अभ्यर्थियों के पास आईटीआई, एनआईईएलआईटी, एनसीसी या खेल प्रमाणपत्र हैं, वे भी उन्हें साथ लेकर आएं। वहीं सेवानिवृत्त या सेवारत सैनिकों के आश्रित अभ्यर्थियों को रिलेशनशिप सर्टिफिकेट और डिस्चार्ज बुक की प्रति भी प्रस्तुत करनी होगी।