भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने 21 अप्रैल से संचालित करवाए जाने वाली सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी द्वितीय वार्षिक परीक्षा के लिए प्रवेश-पत्र (एडमिट कार्ड) बोर्ड वेबसाइट www.bseh.org.in पर जारी किए हैं। इन परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में जिला स्तर पर 22 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन परीक्षाओं में लगभग 6298 परीक्षार्थी प्रविष्ट होंगे, जिनमें सेकेंडरी के 1972 तथा सीनियर सेकेंडरी के 4326 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षा का समय दोपहर दो से सायं पांच बजे तक रहेगा।
बोर्ड अध्यक्ष डॉक्टर पवन कुमार ने बताया कि सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (नियमित, मुक्त विद्यालय) एवं गुरुकुल, विद्यापीठ (पूर्व मध्यमा सह माध्यमिक/उत्तर मध्यमा सह वरिष्ठ माध्यमिक) की द्वितीय वार्षिक परीक्षा के लिए प्रवेश-पत्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सेकेंडरी (शैक्षिक, मुक्त विद्यालय) की परीक्षाएं 21 से 28 अप्रैल तक तथा सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की परीक्षाएं 21 अप्रैल से एक मई तक होंगी। परीक्षार्थी अपना प्रवेश-पत्र बोर्ड की वेबसाइट पर दिए गए लिंक पर पिछला अनुक्रमांक/नाम, पिता का नाम, माता का नाम भरते हुए डाउनलोड कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा समाप्ति उपरांत फोटो व हस्ताक्षर में परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी परीक्षार्थी का अनुक्रमांक किसी कारण से रोका गया है तो ऐसे परीक्षार्थी बोर्ड कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस में व्यक्तिगत तौर पर वांछित साक्ष्यों, दस्तावेज सहित उपस्थित होकर अपना प्रवेश-पत्र जारी करवा सकते हैं। दिव्यांग परीक्षार्थी को यदि लेखक की आवश्यकता है तो वह परीक्षा आरंभ होने से पूर्व बोर्ड कार्यालय या परीक्षा केंद्र पर वांछित साक्ष्यों,दस्तावेज सहित उपस्थित होकर लेखक की अनुमति लेना सुनिश्चित करें।