भिवानी। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नौवीं और 11वीं कक्षाओं में दाखिले आज से शुरू होंगे। शिक्षा निदेशालय ने प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है जिसके अनुसार सभी राजकीय और निजी विद्यालयों में निर्धारित समय-सीमा में दाखिले किए जाएंगे।
जारी निर्देशों के अनुसार नौवीं कक्षा में सामान्य दाखिले एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक होंगे। इसके बाद भी यदि कोई विद्यार्थी प्रवेश से वंचित रह जाता है तो संस्था प्रमुख की अनुमति से बिना विलंब शुल्क एक मई से 16 मई तक दाखिले लिए जा सकेंगे। वहीं यदि इसके बाद भी सीटें खाली रहती हैं तो स्कूल प्राचार्य संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी से अनुमति लेकर 17 मई से 31 मई तक बिना विलंब शुल्क दाखिले कर सकेंगे।
11वीं कक्षा के लिए अलग व्यवस्था निर्धारित की गई है। नए सत्र की शुरुआत के साथ ही एक अप्रैल से दाखिले शुरू होंगे। दसवीं कक्षा के बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद सामान्य दाखिले दस दिनों तक किए जाएंगे। इसके बाद संस्था प्रमुख की अनुमति से अगले दस दिनों तक बिना विलंब शुल्क प्रवेश दिया जाएगा। यदि इसके बाद भी सीटें खाली रहती हैं तो संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी से अनुमति प्राप्त कर अगले दस दिनों तक दाखिले किए जा सकेंगे।
नॉन-बोर्ड कक्षाओं के परिणाम 31 मार्च को घोषित किए जाते हैं। इसके बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से गांवों और शहरों में विद्यार्थियों को शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी जाती है।
नौवीं और 11वीं कक्षा के दाखिलों के संबंध में सभी विद्यालय प्राचार्यों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि निर्धारित समय-सीमा में प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जा सके। नए सत्र में दाखिलों को लेकर विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। - डॉ. निर्मल दहिया, जिला शिक्षा अधिकारी
कक्षा नौवीं में दाखिले का शेड्यूल
सामान्य दाखिले 1 से 30 अप्रैल तक
प्रधानाचार्य की अनुमति से 1 से 16 मई तक
खंड शिक्षा अधिकारी की अनुमति से 17 से 31 मई तक
-
कक्षा 11वीं में दाखिले का शेड्यूल
प्रोविजनल दाखिले 1 अप्रैल से
सामान्य दाखिले बोर्ड परिणाम के 10 दिन के भीतर
संस्था प्रमुख की अनुमति से अगले 10 विद्यालय दिवस तक
डीईओ की अनुमति से इसके बाद अगले 10 विद्यालय दिवस तक