भिवानी। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग ने एक बार फिर ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल खोल दिया है। यह विशेष अवसर उन विद्यार्थियों के लिए है जो अब तक किसी कारणवश प्रवेश नहीं ले पाए थे।
विभाग ने ऐसे सभी छात्रों को 28 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा दी है। आवेदन के बाद विद्यार्थियों को संबंधित महाविद्यालय में फिजिकल काउंसिलिंग के माध्यम से प्रवेश लेना होगा। चार मेरिट सूची जारी होने के बावजूद जिले के अधिकांश महाविद्यालयों में सीटें खाली पड़ी हैं।
सीटें भरने के उद्देश्य से विभाग ने दाखिला प्रक्रिया को दोबारा शुरू किया है। किसी भी कारण से दाखिलों से वंचित विद्यार्थियों के लिए यह अंतिम अवसर है।
28 अगस्त के बाद कक्षाओं का नियमित संचालन शुरू हो जाएगा। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद विद्यार्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए संबंधित महाविद्यालय में स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य है।
महाराजा नीमपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय के प्रेस प्रवक्ता जगबीर मान ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग ने दाखिलों के लिए 28 अगस्त तक पोर्टल खोलने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस अंतिम अवसर का लाभ उठाकर समय पर महाविद्यालय में प्रवेश लेने की प्रक्रिया पूरी करें।