गांव पालुवास में स्थित केंद्रीय विद्यालय।
भिवानी। केंद्रीय विद्यालय पालुवास में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पहली कक्षा में दाखिले के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभिभावक 2 अप्रैल तक एडमिशन.केवीएस.जीओवी.इन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं जबकि प्रवेश प्रक्रिया 20 मार्च से आरंभ हो चुकी है।
कक्षा-1 में पंजीकरण केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा जबकि कक्षा-2 और उससे ऊपर की कक्षाओं में दाखिले ऑफलाइन प्रक्रिया से होंगे। दाखिले के लिए आवेदन करने से पहले अभिभावकों को केंद्रीय विद्यालय संगठन, नई दिल्ली की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध प्रवेश मार्गदर्शिका का अवलोकन करना आवश्यक है।
विद्यालय में कक्षा-1 के लिए इस सत्र में कुल 80 सीटें निर्धारित की गई हैं। प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु छह वर्ष तय की गई है जिसकी गणना 31 मार्च के आधार पर की जाएगी। सीटों का आरक्षण केंद्रीय विद्यालय संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा।
कक्षा-2 से ऊपर की कक्षाओं में रिक्त सीटों के आधार पर होगा दाखिला
विद्यालय में कक्षा-2 और उससे ऊपर की कक्षाओं में प्रवेश केवल रिक्त सीटों के आधार पर किया जाएगा। इसकी सूचना अलग से जारी की जाएगी और आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन माध्यम से पूरी होगी। आवेदन पत्र में गलत या भ्रामक जानकारी पाए जाने पर प्रवेश निरस्त किया जा सकता है। अभिभावकों को सभी जानकारी सही और पूर्ण रूप से भरने तथा निर्धारित समय पर विद्यालय से संपर्क करने की सलाह दी गई है। प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं नियमानुसार संचालित की जाएगी जिससे सभी पात्र विद्यार्थियों को समान अवसर मिल सके।
पहली कक्षा में दाखिले के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 20 मार्च से शुरू हो चुकी है। अभिभावक 2 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। कक्षा-2 व उससे ऊपर की कक्षाओं के लिए प्रवेश शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा। -मोहिंद्र, प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय, पालुवास।