फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: ग्रीस में वर्ल्ड मास्टर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए संदीप कड़वासरा का चयन

विज्ञापन
वेटलिफ्टिंग का अभ्यास करता खिलाड़ी संदीप कड़वासरा। - फोटो : 1
विज्ञापन
लोहारू। गांव झांझड़ा निवासी वेटलिफ्टिंग प्रशिक्षक संदीप कड़वासरा का चयन ग्रीस के एथेंस में 17 से 27 सितंबर तक आयोजित होने वाली वर्ल्ड मास्टर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए 60 किलो पुरुष भार वर्ग में हुआ है। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतकर अपनी पहचान बनाई है।
विज्ञापन

36 वर्षीय संदीप कड़वासरा ने अपने खेल कॅरिअर की शुरुआत वर्ष 2007-08 में भिवानी से की थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में वह भिवानी में एक साबुन फैक्टरी में काम करते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात वेटलिफ्टिंग खिलाड़ियों से हुई। शहर में खर्च चलाने के लिए वह खिलाड़ियों के साथ ही रहने लगे और उनके लिए खाना बनाते थे। इसी दौरान उन्होंने फिटनेस के लिए वेटलिफ्टिंग शुरू की जो बाद में उनका जुनून बन गई। लगातार बेहतर प्रदर्शन और पदक जीतने से उनका हौसला बढ़ता गया और वह इस खेल में आगे बढ़ते चले गए।
भारतीय मास्टर वेटलिफ्टिंग फेडरेशन के जनरल सेक्रेटरी एवं शिव छत्रपति अवॉर्डी उदय शेट्टी ने कहा कि संदीप फेडरेशन के सबसे कम उम्र के प्रतिभाशाली एथलीटों में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि संदीप ने पांचवीं नेशनल मास्टर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप का सफल आयोजन भी किया है।
विज्ञापन

हरियाणा मास्टर वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश श्योराण ने बताया कि भारतीय टीम 15 सितंबर को दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एथेंस के लिए रवाना होगी। संदीप कड़वासरा एक साधारण परिवार से संबंध रखते हैं और वर्ष 2009 से खेल में सक्रिय हैं। वर्ष 2011 में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतने के बाद उन्होंने लगातार सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि पर भारतीय मास्टर वेटलिफ्टिंग फेडरेशन की अध्यक्ष भारती सिंह, जनरल सेक्रेटरी उदय शेट्टी, ओलंपियन कोच डीडी शर्मा, कोच गोपाल कृष्ण, कृष्ण ठेकेदार ने बधाई दी।

संदीप ने इन प्रतियोगिताओं में जीते पदक
संदीप कड़वासरा ने 2015 में मनामा (बहरीन), 2016 में थाईलैंड, 2017 में बाली (इंडोनेशिया), 2019 में कोलंबो (श्रीलंका), 2020 में थाईलैंड, 2022 में बिश्केक (किर्गिस्तान) और 2024 में कजाकिस्तान में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। इसके अलावा 2018 में भारत में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक तथा 2025 में पटाया (थाईलैंड) में कांस्य पदक भी हासिल किया। जर्मनी में आयोजित इंटरनेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीता।

वेटलिफ्टिंग अकादमी के हैं संचालक
संदीप कड़वासरा वर्तमान में लोहारू वेटलिफ्टिंग स्पोर्ट्स अकादमी के संचालक हैं और भारतीय स्ट्रेंथ लिफ्टिंग टीम के चीफ कोच के रूप में भी सेवाएं दे रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडवीया और खाद्य मंत्री चिराग पासवान सहित कई केंद्रीय व राज्य स्तरीय नेताओं द्वारा उन्हें सम्मानित किया जा चुका है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें