तोशाम। जिला प्रशासन की ओर से उपमंडल के गांव खरकड़ी माखवान स्थित मुख्य चौपाल में वीरवार रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपायुक्त साहिल गुप्ता ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ दरबार लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर गलत तरीके से फसल दर्ज करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीसी ने ग्रामीणों द्वारा उठाई गई पेयजल समस्या पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को गांव में आपूर्ति किए जा रहे पानी की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पेयजल आपूर्ति का नियमित शेड्यूल तैयार करने के भी निर्देश दिए। डीसी ने बताया कि गांव में अतिरिक्त पानी स्टोरेज टैंक के निर्माण के लिए चंडीगढ़ मुख्यालय को केस भेजा गया है जिसकी वे स्वयं पैरवी करेंगे ताकि टैंक का शीघ्र निर्माण हो सके। इस मौके पर तोशाम एसडीएम रवि मीणा (आईएएस) भी मौजूद रहे।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने डीसी के समक्ष मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर वास्तविक किसान की जगह किसी अन्य व्यक्ति के नाम फसल दर्ज करने, दूषित पानी की निकासी, नालियों की सफाई, लोहे की जाली लगाने की मांग रखी। इसके अलावा जमीन की पैमाइश करवाने, परिवार पहचान पत्र में त्रुटि सुधार, गली निर्माण, मकान निर्माण के लिए सहायता राशि दिलाने, खेल मैदान की सफाई, खेल सामग्री उपलब्ध कराने और बिजली व्यवस्था सुधारने जैसी समस्याएं रखीं। गांव खरकड़ी माखवान के ग्रामीणों ने मुख्य रूप से स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की मांग की वहीं महिलाओं ने बंदरों से निजात दिलाने की गुहार लगाई।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान गांव झांवरी और लक्ष्मणपुरा में बस क्यू शेल्टर निर्माण, झांवरी में बारिश के पानी की निकासी, सिढ़ान से मंडाण तक बन रहे रास्ते के बीच से बिजली पोल हटाने और ढाणी में बिजली सुविधा उपलब्ध करवाने की मांगें भी रखी गईं। डीसी ने बिजली निगम, सिंचाई और पंचायत विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें।
एसडीएम करेंगे संडवा में गलत फसल दर्ज करने के मामले की जांच
कार्यक्रम के दौरान गांव संडवा के एक व्यक्ति ने शिकायत की कि उनके खेत में बाजरे की फसल है लेकिन राजस्व विभाग ने पोर्टल पर फसल का विवरण गलत दर्ज कर दिया है और अब सुधार से मना कर दिया गया है। इस पर डीसी ने एसडीएम को मामले की जांच कर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए। वहीं गांव सागवान के निवासी युद्धवीर ने बताया कि उनकी फसल का मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण मेवात जिले से किसी अन्य व्यक्ति ने करवा लिया है। इस पर डीसी ने पुलिस को मामले की जांच कर ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीसी, एसडीएम और डीएसपी ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान डीसी साहिल गुप्ता, एसडीएम रवि मीणा और डीएसपी दलीप सिंह ने अन्य अधिकारियों के साथ मुख्य सड़क पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि गांव को गंदगी से मुक्त बनाने में सहयोग करें और इसे स्वच्छ एवं निर्मल बनाएं।
सरकारी योजनाओं की जानकारी दी
डीसी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की 60 से अधिक समस्याएं सुनी गईं। इस अवसर पर पशुपालन, कृषि, क्रीड, महिला एवं बाल विकास, बिजली निगम आदि विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। डीसी ने पेंशन और परिवार पहचान पत्र से जुड़ी शिकायतों के निपटारे के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गांव में ही लोगों की समस्याओं का समाधान करें। इस मौके पर सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।