भिवानी। रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत उपायुक्त साहिल गुप्ता ने मंगलवार को गांव सुई स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में अधिकारियों के साथ जनदरबार लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों द्वारा रखी गई सभी समस्याओं पर 15 दिन के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से न लेने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं रात्रि ठहराव कार्यक्रम में मौजूद प्रवर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने ग्रामीणों से युवाओं को ड्रग्स सहित हर प्रकार के नशे से दूर रखने की अपील की।
जनदरबार के दौरान ग्रामीणों ने पानी निकासी के नालों की सफाई करवाने, गांव में अधूरी पड़ी फिरनी को पूरा करवाने, स्कूल के पास ढाई एकड़ से अधिक भूमि में बने जोहड़ की चारदीवारी बनवाने, जलघर के टैंकों का पुनर्निर्माण करवाने, खेल परिसर को दुरुस्त करवाने और वहां हॉल निर्माण, सुई से दांग मार्ग पर फिरनी पर स्ट्रीट लाइट लगवाने, मकान मरम्मत के लिए सहायता राशि दिलवाने, आधार कार्ड व पहचान पत्र बनवाने तथा असहाय व अनाथ बच्चों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांगें रखीं।
डीसी साहिल गुप्ता ने सभी समस्याओं पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को 15 दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों को बिजली कनेक्शन जारी करने में अनावश्यक देरी न करने के निर्देश दिए। वहीं पंचायत एवं पंचायती राज विभाग को गांव की अधूरी फिरनी का कार्य शीघ्र पूरा करवाने को कहा। डीसी ने बताया कि ग्रेप-4 लागू होने के कारण निर्माण कार्य रुके हुए हैं, लेकिन जैसे ही ग्रेप-4 हटेगा, निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
युवाओं को नशे से बचने के लिए एसएसपी ने की ग्रामीणों से अपील
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान प्रवर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि युवाओं को ड्रग्स जैसे नशे की दलदल से बचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वालों का नाम गुप्त रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जो युवा नशे की गिरफ्त में हैं, उन्हें नशा छुड़वाने के लिए अस्पताल तक पहुंचाना जरूरी है, इसमें पुलिस प्रशासन ग्रामीणों की हरसंभव मदद करेगा। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की ओर से डीसी साहिल गुप्ता, एसएसपी सुमित कुमार, एसडीएम महेश कुमार और नगराधीश अनिल कुमार का पगड़ी पहनाकर व फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। गांव के सरपंच रवि कुमार ने डीसी को गांव की समस्याओं से अवगत कराया।
बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम और जूडो व कराटे खेल का किया प्रदर्शन
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने अधिकारियों के स्वागत में स्वागत गीत प्रस्तुत किया और हरियाणवी संस्कृति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। वहीं युवा खिलाड़ियों ने कराटे, जूडो और योग का प्रदर्शन किया। डीसी साहिल गुप्ता ने कार्यक्रम के दौरान शहीदों के परिजनों को सम्मानित करते हुए शहीद हवलदार रामेश्वर, शहीद सूबेदार निहाल सिंह और शहीद हवलदार रणसिंह के परिजनों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। कार्यक्रम में डीएसपी महेश कुमार, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया, जिला खेल अधिकारी विद्यानंद यादव, एलडीएम विभूति पांडे और जिला समाज कल्याण अधिकारी रविंद्र कुमार उपस्थित रहे।