भिवानी। सीआईए प्रथम ने अवैध हथियार रखने के मामले में अभिषेक निवासी निनान तहसील भादरा जिला हनुमानगढ़, राजस्थान को रविवार को ढाणी शंकर बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
सीआईए प्रथम में तैनात मुख्य सिपाही सुमेर को सूचना मिली थी कि एक युवक बस स्टैंड पर कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने अभिषेक को काबू कर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत थाना जूई कलां में अभियोग दर्ज किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह ठेके पर काम करने के साथ मेहनत-मजदूरी करता है और निजी सुरक्षा के लिए हथियार अपने एक दोस्त से लेकर आया था।
पुलिस हथियार उपलब्ध करवाने वाले व्यक्ति के संबंध में भी जांच कर रही है। आरोपी अभिषेक को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए। संवाद