भिवानी। शहर थाना पुलिस भिवानी ने दुकान से तेल व घी के टीन चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से एक हजार रुपये बरामद किए हैं। उसे न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने जिले में चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। टाउन सेंटर भिवानी निवासी जगमोहन ने थाना शहर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 27 अगस्त को उसकी दुकान के अंदर रखे तेल व घी के टीन चोरी हो गए थे। इस शिकायत के आधार पर थाना शहर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई।
3 सितंबर को थाना शहर भिवानी के अंतर्गत पुलिस चौकी अनाज मंडी के मुख्य सिपाही रफीक ने अपनी पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की। उन्होंने दुकान से चोरी की वारदात में शामिल आरोपी टिंकू निवासी शास्त्री नगर भिवानी को शास्त्री नगर से गिरफ्तार किया। पुलिस प्रवक्ता अभिषेक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी को वीरवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने जमानत न मिलने पर उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए।