भिवानी। घर से नकदी और आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने वीरवार को एक आरोपी जीतू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जीतू पश्चिम बंगाल का निवासी है जो अभी भिवानी की बैंक कॉलोनी में रह रहा था। थाना जूई कला के जांच अधिकारी रणबीर सिंह ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश जहां से उसे जेल भेज दिया।
गांव ढाणी शंकर निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 जून 2025 को वह घर से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान उसे सूचना मिली कि उसके घर के दरवाजे खुले हुए हैं। घर पहुंचने पर मकान के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात व्यक्ति घर से नकदी और आभूषण चोरी कर ले गया था। शिकायत के आधार पर थाना जूई कला पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एक मोबाइल फोन और छह चांदी के सिक्के बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना सदर भिवानी, थाना औद्योगिक क्षेत्र भिवानी, थाना जूई कला तथा जिला रोहतक में चोरी के कई मामले दर्ज हैं।