भिवानी। साइबर अपराध थाना पुलिस ने टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर ऑनलाइन टास्क पूरा करने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को रेवाड़ी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मोहित निवासी काठूवास जिला रेवाड़ी के रूप में हुई है।
मंढाणा निवासी सुनील ने थाना साइबर क्राइम पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 अप्रैल 2024 को उनके नंबर पर व्हाट्सएप कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने उन्हें टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर ऑनलाइन टास्क पूरा करने के नाम पर 2,55,000 की धोखाधड़ी करके राशि डलवा ली थी।
इसी मामले में कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम के सहायक उप निरीक्षक प्रदीप कुमार ने टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर ऑनलाइन टास्क पूरा करने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को रेवाड़ी से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने ऑनलाइन धोखाधड़ी के रुपये अपने बैंक खाते में डलवाए थे। इसके लिए उसे 10,000 रुपये मिले थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।