पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया रंगदारी मांगने का आरोपी लक्ष्मण।
भिवानी। सीआईए द्वितीय ने ऑपरेशन ट्रैक-डाउन के दौरान दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में एक आरोपी लक्ष्मण को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे रविवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। आरोपी लक्ष्मण गांव भोजान, जिला चुरु, राजस्थान का रहने वाला है।
बहल निवासी रविंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ईंट भट्ठे और बहल में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। 15 मार्च को दोपहर के समय उसके व्हाट्सएप पर एक विदेशी नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने उसे वापस कॉल करने के लिए कहा। इसके बाद उसके व्हाट्सएप पर एक वॉइस मैसेज आया जिसमें आरोपियों ने दो करोड़ रुपये की मांग करते हुए रुपये न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
शनिवार को कार्रवाई करते हुए सीआईए द्वितीय के जांच अधिकारी सुभाष ने मामले में आरोपी लक्ष्मण को गिरफ्तार किया। पुलिस इस मामले में पांच अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने बहल में 200 गज के एक प्लॉट पर कब्जे को लेकर शिकायतकर्ता से दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।
जिले में संगीन अपराध को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। वहीं आम नागरिक संगीन अपराध को अंजाम देने वाले अपराधियों की सूचना संबंधित पुलिस थाना या डायल 112 पर दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम व पता गोपनीय रखा जाएगा। - सुमित कुमार, पुलिस अधीक्षक, भिवानी।