भिवानी। रामपाल समर्थकों और ग्रामीणों के बीच 10 नवंबर को हुए झगड़े को लेकर खरक राजान की धर्मशाला में रविवार सुबह नौ बजे पंचायत होगी। यह पंचायत पहले शनिवार को प्रस्तावित थी लेकिन कुछ सदस्यों की व्यस्तता के कारण इसे स्थगित कर दिया गया। रविवार को होने वाली पंचायत में खरक खांडयान, खरक राजान, खरक कलां और खरक खुर्द के सरपंचों के साथ कलिंगा के सरपंच को भी आमंत्रित किया गया है। ग्रामीण और गांव के मौजिज लोग भी इसमें शामिल होंगे।
हरियाणा राजपूत प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष डॉ. बृजपाल सिंह पप्पू ने बताया कि 13 नवंबर को भी गांव खरक राजान की धर्मशाला में पंचायत बुलाई गई थी लेकिन उस दिन खरक राजान के सरपंच प्रतिनिधि और कुछ जिम्मेदार लोग मौजूद न होने के कारण पंचायत को स्थगित करना पड़ा।
बता दें कि गांव के जोहड़ और खेतों से बारिश के पानी की निकासी के लिए रामपाल समर्थकों द्वारा पाइप और पंप मुहैया कराए जा रहे थे। इसी दौरान समर्थकों ने रामपाल को भगवान बताते हुए नारे लगाने शुरू कर दिए। यह बात गांव के युवाओं को नागवार लगी और उन्होंने इसका विरोध किया जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया।
झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिसमें सात से आठ युवकों के गंभीर रूप से घायल होने की बात सामने आई। एक युवक को तो चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया। विवाद की सूचना मिलते ही खरक कलां पुलिस चौकी से टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। लेकिन किसी भी पक्ष ने पुलिस को शिकायत नहीं दी। घायल युवक की एमएलआर भिवानी अस्पताल में दर्ज हुई लेकिन वह बयान देने की स्थिति में नहीं था। ऐसे में पुलिस कार्रवाई आगे नहीं बढ़ा सकी।
पंचायत ने पुलिस से दो दिन की मोहलत भी मांगी थी और 13 नवंबर की पंचायत के बाद शनिवार को फैसला लेने की बात कही थी। मगर अब यह पंचायत रविवार सुबह नौ बजे होगी। इसमें रामपाल समर्थकों और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद पर निर्णय लिया जाएगा।