भिवानी। पुलिस ने ऑपरेशन ट्रैकडाउन अभियान के तहत नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष भानुप्रकाश के बेटे जतिन से रंगदारी मांगने और मारपीट करने के मामले में बुधवार को दूसरे आरोपी निश्चय उर्फ निशु, निवासी हालू बाजार को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस गिरोह के मुख्य आरोपी पीयूष उर्फ बच्ची को गिरफ्तार कर चुकी है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में जतिन ने बताया था कि 16 नवंबर की रात लगभग साढ़े आठ बजे वह हालू बाजार चौक स्थित रेहड़ी पर मक्का खाने गया था। इस दाैरान दो युवकों ने दुकान चलाने के नाम पर उससे रंगदारी मांगी और खुद को पीयूष उर्फ बच्ची के गिरोह का गुर्गा बताया। शिकायतकर्ता द्वारा रुपये देने से मना करने पर आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ दुकान में घुसे और हमला कर जान से मारने की धमकी दी। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। शिकाय पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। उप निरीक्षक धर्मबीर सिंह ने बताया कि वीरवार को आरोपी निश्चत उर्फ निशु को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेज दिया गया।