भिवानी। सिवानी पुलिस ने गाड़ी चालक का रास्ता रोककर उसके साथी का अपहरण कर मारपीट करने, बोलेरो कैंपर गाड़ी लूटने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुख्य आरोपी वेदपाल निवासी खेड़ा, जिला भिवानी को मंगलवार को सिवानी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त टाटा एस गाड़ी भी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए। शिकायतकर्ता मुकेश निवासी गांव देवावास, तहसील तोशाम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 अप्रैल को वह अपने परिवार के सदस्य सुधीर निवासी देवावास के साथ बोलेरो कैंपर गाड़ी में निजी कार्य से तोशाम से सिवानी की ओर जा रहा था। शाम करीब सात बजे गांव मिरान की नहर के पास एक ट्रैक्टर चालक ने ट्रैक्टर के पीछे जुड़ी ट्रॉली को तिरछा खड़ा कर रास्ता रोक रखा था।
मुकेश के अनुसार उन्होंने गाड़ी को सड़क से नीचे उतारकर आगे निकलने का प्रयास किया तो ट्रैक्टर चालक ने ट्रैक्टर उनकी तरफ चला दिया। इससे ट्रॉली में भरे तुड़े के पलड़ से उनकी गाड़ी की चालक साइड की खिड़की का शीशा टूट गया। इसके बाद ट्रैक्टर चालक उनके पास आया और गाली-गलौच करने लगा। बाद में दोनों पक्ष वहां से चले गए।
शिकायत के मुताबिक इसके बाद मुकेश अपने साथी सुधीर के साथ गांव ढाणी बल्हारा स्थित मंदिर के सामने पहुंचा। वहां सिवानी की तरफ से टाटा मैजिक गाड़ी में सवार कुछ लोगों ने उनकी बोलेरो कैंपर गाड़ी के सामने टाटा मैजिक लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाड़ी की दोनों तरफ की खिड़कियां खोलकर मुकेश और सुधीर को नीचे गिरा लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।