भिवानी। गांव रतेरा के समीप खानक रोड पर तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। हादसे में ट्रक के हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक को मामूली चोटें आई। हादसा रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे का है। मृतक के भाई की शिकायत पर बवानीखेड़ा पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बवानीखेड़ा पुलिस को दिए बयान में गांव खानक निवासी 53 वर्षीय प्रेम सिंह ने बताया कि वह मजदूरी करता है। वे पांच भाई हैं। सबसे छोटा भाई 50 वर्षीय सुरता सिंह ट्रक पर हेल्पर का काम करता था। रविवार को सुरता ट्रक चालक संजय के साथ खानक से बजरी भरकर रोहनात गए थे। उनके साथ वह भी था। शाम को रोहनात से लौटते वक्त संजय तेज रफ्तार से ट्रक चलाने लगा, मना करने पर भी वह नहीं माना। जब वह रतेरा से थोड़ी दूर खानक रोड पर पहुंचे तो ट्रक पर संजय का नियंत्रण नहीं रहा और ट्रक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। हादसे में सुरता गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वह बाल-बाल बच गया। उसके भाई को तोशाम सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।