स्टेडियम में अभ्यास कर साइकिल से घर लौट रही 13 वर्षीय महिला खिलाड़ी को एक प्राइवेट बस ने कुचल दिया। बस के पहिए उसके सिर के ऊपर से गुजर गए। जिससे उसकी मौत हो गई। हादसा बस स्टैंड के नजदीक हुआ। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बस के पहिए उसके सिर को कुचलते हुए गुजर गए। जिसके बाद वहां हंगामा मच गया और लोगों की भीड़ लग गई। हादसे के बाद प्राइवेट बस चालक मौके पर ही बस को छोड़ फरार हो गया। सूचना पर औद्योगिक थाना पुलिस और परिजन पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। एचसी राकेश ने मृतका के पिता रामबाबू के बयान पर बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर हादसा करने का केस दर्ज किया है। कोच सुरेश कुमार ने बताया कि निशि तीन बहन-भाइयों में सबसे छोटी थी। उसकी बड़ी बहन नेट की तैयारी कर रही है और भाई बीसीए कर रहा है।
जिला में रही प्रथम, अब स्टेट की थी तैयारी: निशि ने करीब सात माह से ही कुश्ती का अभ्यास शुरू किया था। उसने 29 फरवरी से एक मार्च तक अजमेर अखाड़ा तिगड़ाना मोड़ पर हुई जिलास्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। अब वह स्टेट प्रतियोगिता की तैयारी कर रही थी और अभ्यास कर घर लौट रही थी तो यह हादसा हो गया। उसके कोच सुरेश कुमार ने बताया कि निशि होनहार खिलाड़ी थी और हमने एक अच्छी खिलाड़ी को हादसे में खो दिया है।