लोहारू। उपमंडल के गांव ढाणा जोगी में शुक्रवार शाम एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद डायल 112 की टीम और लोहारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पानी की डिग्गी से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए लोहारू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शव गृह में रखवा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ढाणा जोगी गांव के एक खेत में नहर के पास बनी पानी की डिग्गी में तीन चार दोस्त नहाने गए हुए थे। इस दौरान युवक अजय कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में पानी की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। कथित रूप से पुलिस ने पानी की डिग्गी के अंदर से ही युवक का मोबाइल भी बरामद किया है।
करीब 25 वर्षीय युवक अजय कुमार का 2 वर्ष पहले ही विवाह हुआ था और वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वहीं पुलिस से मामले की गहनता से जांच करने की मांग की है। लोहारू पुलिस ने मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवा दिया है और कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद ढाणा जोगी आश्रम के महंत केशवनाथ, प्रदीप चाहर, राजेश बिठन, पूर्व चेयरमैन राजीव श्योराण, एडवोकेट सुरेंद्र ओबरा सहित अनेक लोग लोहारू सीएचसी पहुंच गए। उन्होंने घटना पर गहरा शोक प्रकट किया है।