भिवानी। भिवानी में ट्रक चलाने के लिए बिहार से लाया गया युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने और ट्रक चालक पर काम का पैसा नहीं देने का मामला सामने आया है। बिहार निवासी महिला ने इस संबंध में बेटा गायब करने और उसका पैसा नहीं देने की शिकायत औद्योगिक पुलिस थाना में दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रामगढ़ जिला कैमूर भभुआ बिहार निवासी प्रभावती देवी ने बताया कि उसका बेटा इंदल पासवान गाड़ी चलाने का काम करता था। बिहार का कन्हैया यादव उसके बेटे को ट्रक चलाने के लिए हरियाणा के भिवानी में लेकर आया था। उसका बेटा इंदल मनोज का ट्रक चलाता था। उसके बेटे ने एक माह बाद उसके खाते में दस हजार रुपये भेजे थे। कुछ दिन बाद घर पैसा भेजने के लिए ट्रक मालिक मनोज के पास गया था। जहां कन्हैया यादव ने ट्रक मालिक को पैसे देने से मना कर दिया और कहा कि यह घर भाग जाएगा। इसके बाद उसके बेटे से ट्रक मालिक गाड़ी चलवाता रहा लेकिन पैसा नहीं दिया। महिला ने आरोप लगाया कि पिछले दस दिन से उसके बेटे से उसकी फोन पर बात नहीं हुई है। औद्योगिक पुलिस थाना में आरोपी ट्रक मालिक और कन्हैया के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है। संवाद