भिवानी। तोशाम विधानसभा चुनाव के दौरान बूथ नंबर 23, 24 के बाहर शनिवार को लोगों को पैसे बांटने का मामला सामने आया। इसकी एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई। इसमें तोशाम के पूर्व सरपंच पर ही पैसे बांटने का आरोप है।
वीडियो में महिला पूर्व सरपंच की जमकर पिटाई करते हुए भी दिखाई दे रही है। वहीं इस प्रकरण के बाद वहां लोगों की भी भीड़ जुटी है। हालांकि इस मामले में किसी भी तरह की प्रशासन की तरफ से कोई पुष्टि नहीं की गई। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने प्रत्याशी के पक्ष में वोट देने के लिए पैसे बांटने का आरोप लगाते हुए पूर्व सरपंच के साथ मारपीट की बात सामने आई है।
निर्दलीय प्रत्याशी के बूथ एजेंट के साथ मारपीट, पुलिस पीसीआर ने पहुंचाया घायल को अस्पताल
भिवानी। विधानसभा चुनाव में मतदान के दौरान बूथों पर कार्यकर्ताओं के बीच तनाव का माहौल भी देखा गया। भिवानी विधानसभा क्षेत्र में तेलीवाड़ा वार्ड आठ स्थित चंद्रगिरी स्कूल में बने बूथ नंबर 44-45 पर तैनात एक चुनावी एजेंट पर हमला कर दिया। इस हमले में एजेंट को काफी चोटें आईं। जिसे मौके पर पहुंची पुलिस पीसीआर ने ही जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
निर्दलीय प्रत्याशी प्रिया असीजा को जब इस झगड़े की सूचना मिली तो बूथ पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और फिर इसके बाद एजेंट का हालचाल जानने नागरिक अस्पताल पहुंची। प्रिया असीजा ने एजेंट पर हमला के आरोप एक पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लगाए हैं। प्रिया का आरोप है कि चुनावी एजेंट ने बूथ पर फर्जी मतदान कराने से रोका था। इसी को लेकर योजनाबद्ध तरीके से एजेंट पर हमला हुआ है।
तेलीवाड़ा वार्ड आठ के चंद्रगिरी स्कूल के बूथ नंबर 44-45 पर भिवानी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी प्रिया असीजा की तरफ से नवीन धमीजा यहां चुनावी एजेंट के तौर पर तैनात था। शनिवार शाम करीब चार बजे उस पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। जिसमें उसे गंभीर चोटें आई। बूथ पर हुए झगड़े में घायल नवीन धमीजा को पुलिस की पीसीआर ही जिला नागरिक अस्पताल के आपात विभाग में लेकर पहुंची। इसके बाद चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया।
बूथ एजेंट के घायल होने की सूचना पर उसका हालचाल जानने जिला नागरिक अस्पताल पहुंची निर्दलीय प्रत्याशी प्रिया असीजा ने सत्ता पक्ष के एक नेता के कार्यकर्ताओं पर फर्जी मतदान कराने से रोकने पर एजेंट से मारपीट के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने यह भी कहा कि हार के डर से प्रत्याशी और उसके कार्यकर्ता इस तरह की ओछी हरकतों पर उतर आए हैं। फिलहाल घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद मामले की सूचना पुलिस को भी दी है। वहीं जवाहर मिताथलिया ने भी एजेंट के साथ मारपीट में शामिल आरोपियों को पकड़ने के बावजूद पुलिस द्वारा छोड़ दिए जाने के भी आरोप जड़े हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल विडियो।