चांग में स्वाति का घोड़ी पर बनवारा निकालते परिजन
भिवानी। बेटा-बेटी में फर्क मिटाने की बात तो हर कोई करता है, लेकिन गांव चांग के शेर सिंह बिब्बा और उनकी धर्मपत्नी निर्मला ने इसे अपनी बेटी की शादी में करके दिखाया। उन्होंने अपनी पुत्री स्वाति का बेटों की तरह घोड़ी पर बैंड-बाजे के साथ बनवारा निकाला। इस अनूठी पहल के जरिए उन्होंने संदेश दिया कि खुशियों, परंपराओं और सम्मान पर बेटियों का भी बेटों जितना ही अधिकार है। परिवार की इस प्रेरणादायक पहल की ग्रामीणों ने खूब सराहना की है।
पीडब्ल्यूडी एंड बीएंडआर विभाग से रिटायर्ड डिप्टी सुप्रीडेंट शेर सिंह बिब्बा और आंगनबाड़ी हेल्पर निर्मला ने अपनी बेटियों को लेकर समाज के सामने शानदार उदाहरण पेश किया है। उनकी तीन बेटियां और एक बेटा है। उन्होंने अपनी तीनों बेटियों को उच्च शिक्षा दिलवाई है। तीनों ने ही एमएससी तकशिक्षा प्राप्त की है। उनका सबसे छोटा बेटा साहिल पर्यावरण इंजीनियर के रूप में कार्यरत है।
स्वाति का विवाह 12 नवंबर को रोहतक निवासी राहुल पटवारी के साथ तय हुआ है। विवाह से ठीक पहले गांव चांग में जब स्वाति का बैंड-बाजे के साथ घोड़ी पर बनवारा निकाला गया, तो पूरा गांव इस अनोखी खुशी में शामिल हुआ। परिजन और ग्रामीण ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते नजर आए। इस मौके पर शेर सिंह बिब्बा ने कहा कि आज के दौर में जहां एक ओर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के नारे गूंज रहे हैं, वहीं धरातल पर ऐसे कदम समाज की मानसिकता को बदलने का काम करते हैं। उनकी इस पहल ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया है और यह संदेश दिया है कि हर माता-पिता को अपनी बेटियों के सपनों और सम्मान को प्राथमिकता देनी चाहिए। इस अवसर पर रामफल, सीमा, संजय, मधु सहित समस्त परिजन व अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।