गांव गुजरानी में गायों के बाड़े की टूटी दीवार।
भिवानी। आंधी से महम रोड स्थित श्रीगोशाला ट्रस्ट में काफी नुकसान हुआ। गोशाला में दस लाख की लागत से लगाए गए 15 किलोवाट के सोलर प्लांट की प्लेट उखड़ गई। वहीं पशुओं के लिए बनाया गया शेड भी बिखर गया। इसी तरह गोशाला की एक हिस्से की दीवार भी तेज हवा और बारिश से ढह गई।
गोशाला ट्रस्ट के प्रधान मोहनलाल अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह तीन से चार बजे के बीच आई आंधी और बारिश की वजह से गोशाला की तीन ब्रांचों में काफी नुकसान हुआ है। महम रोड बीड़ ब्रांच में दस लाख की लागत से छत पर स्थापित 15 किलोवाट का सोलर प्लांट क्षतिग्रस्त हो गया। इसकी प्लेटें भी उखड़ कर दूर जा गिरी।
ब्रांच के सूखा चारा गोदाम व गायों के लिए बने टीन शेड उखड़ गए। पतराम गेट की गौरस ब्रांच की छत पर बनी आठ फुट लंबी दीवार ढह गई। गुजरानी ब्रांच में पीछे वाला बाड़ा जहां गायों को रखा जाता है उसकी दीवार भी ढह गई। गोशाला में करीब 20 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं गोशाला में गोवंश को भी काफी चोटें आई हैं। गुजरानी ब्रांच में बाड़े की दीवार ढहने के बाद गाये भी गोशाला से निकल खेतों में चली गई।