भिवानी। जिले के गांव मिताथल में एक गर्भवती महिला ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों पर रात के समय मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाने और उसके आभूषण छीनने का आरोप लगाया है। वहीं गंभीर हालत में महिला को परिजनों ने अस्पताल में दाखिल कराया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
वहीं गर्भ में पल रहे बच्चे को भी महिला को पहुंचाई चोटों से क्षति की आशंका बनी है। पीड़ित महिला के परिजनों ने गुजरानी पुलिस चौकी के जांच अधिकारी पर भी नाजायज समझौता बनाने के दबाव का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी है। परिजनों ने इस मामले के जांच अधिकारी को बदल डीएसपी स्तर के अधिकारी से जांच की गुहार लगाई है।
पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में मिताथल निवासी अंजू ने बताया कि गत 23 जून की रात नौ बजे उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसके सभी जेवरात भी जबरन छीन लिए। उसने डायल 112 पर फोन कर पुलिस बुलाई और मायके वालों को भी बुला लिया। जिसके बाद उसे अस्पताल में दाखिल कराया। अस्पताल में महिला के पुलिस ने बयान भी दर्ज किए।
उसका आरोप है कि जांच अधिकारी उसे नाजायज समझौता का दबाव बनाने के लिए पुलिस चौकी गुजरानी में बुला रहा है, जबकि वह अस्पताल में दाखिल है। उसने बताया कि गंभीर चोटों की वजह से उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को भी खतरा है। महिला ने पुलिस के जांच अधिकारी को बदलने और मामले की डीएसपी स्तर के अधिकारी से जांच कराने की गुहार एसपी से लगाई है।