भिवानी। रेलवे रोड स्थित नगर परिषद कार्यालय में शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कार्यकारी अधिकारी (ईओ) और कार्यकारी अभियंता के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस दौरान कार्यकारी अभियंता जसवंत सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें झंकार मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद नगर सुधार मंडल के विश्रामगृह स्थित उनके अस्थायी आवास पर पहुंचाया गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद नगर परिषद कार्यालय के कर्मचारी भी इस मामले पर कुछ कहने से बचते नजर आए। वहीं नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने घटना को झगड़ा मानने से इन्कार करते हुए कहा कि यह महज मजाक में हुई कहासुनी थी।
नगर परिषद कार्यालय में कार्यकारी अधिकारी राजाराम का कक्ष धरातल पर और कार्यकारी अभियंता जसवंत सिंह का कक्ष प्रथम तल पर है। शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे ईओ राजाराम अपने कक्ष से निकलकर कार्यकारी अभियंता जसवंत सिंह के कक्ष में पहुंचे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों अधिकारियों के बीच गर्मागर्मी हुई और मामला हाथापाई में बदल गया। इस दौरान कार्यकारी अभियंता जसवंत सिंह के सिर पर ईओ की अंगूठी या किसी नुकीली वस्तु से चोट लग गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ पार्षद भी मौजूद रहे। उपचार के बाद उन्हें उनके अस्थायी आवास पर भेज दिया गया।
मामले की सूचना मिलते ही नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप भी मौके पर पहुंचे। नगर परिषद कार्यालय में हुए इस विवाद के बाद कर्मचारियों में भी दहशत का माहौल रहा। चेयरपर्सन प्रतिनिधि ने इस घटना को गंभीर विवाद मानने से इन्कार करते हुए कहा कि अधिकारियों के बीच शहर के विकास कार्यों को लेकर भागदौड़ रहती है और मजाक में हुई कहासुनी को झगड़ा नहीं कहा जा सकता। इस मामले में किसी भी अधिकारी ने पुलिस को शिकायत नहीं दी है।
नगर परिषद कार्यालय में किसी न किसी काम को लेकर भागदौड़ रहती है। सभी शहर के विकास के लिए जुटे हुए हैं। झगड़े वाली कोई बात नहीं थी कहासुनी हुई है। यह जॉब का हिस्सा है और ऐसा चलता रहता है। हल्की चोट भी आई है लेकिन वह किसी ने मारी नहीं। कई बार काम को लेकर बहस होती रहती है। यह विवाद हंसी-मजाक में हुआ है। मजाक की बात आगे बढ़ गई। मैं दोनों अधिकारियों से मिला हूं और बात की है। बड़ा विवाद नहीं था। बात ही बात में मजाक करते-करते दोनों गंभीर हो गए। लेकिन लड़ाई-झगड़ा नहीं हुआ। कोई एमएलआर नहीं कटवाई है। मजाक करते-करते हाथ से पेन या कुछ लग गया जिससे हल्की चोट आई हैं। कार्यकारी अधिकारी राजाराम और कार्यकारी अभियंता जसवंत दोनों विकास कार्यों को लेकर निदेशक कार्यालय में होने वाली बैठक की तैयारी कर रहे थे।- भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी।