भिवानी। डकैती के मामले में दो साल से जिला कारागार में बंद 47 वर्षीय बंदी प्रमोद गुप्ता की रविवार को तबीयत अचानक बिगड़ने से मौत हो गई। परदेवापुर, कानपुर (यूपी) निवासी प्रमोद को खून की उल्टी आने पर जेल प्रशासन ने तत्काल जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी रास्ते में मौत हो गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के खिलाफ पानीपत के चांदनी बाग थाना में आईपीसी की धारा 459 और 394 के तहत मामला दर्ज था। वह करीब दो वर्ष से भिवानी जिला कारागार में बंद था। घटना के बाद सोमवार सुबह मजिस्ट्रेट हार्दिक सचदेवा की निगरानी में चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। सदर थाने के जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृतक की पत्नी सीमा गुप्ता के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई अमल में लाई गई है।