तोशाम। क्षेत्र के गांव पटौदी निवासी एक व्यक्ति की खेत में कीटनाशक छिड़काव कर घर लौटने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन जिसे तोशाम के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं तोशाम पुलिस ने शव का जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।
गांव पटौदी निवासी 40 वर्षीय राजेश शनिवार शाम को अपने खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने गया था। जब वह घर लौटा तो अचानक ही उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए तोशाम के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक तीन बच्चों का पिता था और गांव में ही खेतीबाड़ी का काम करता था। तोशाम पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई रणदीप के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया और इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।