भिवानी। शहर की सड़कों पर घूम रहे बेसहारा नंदियों के लिए पांच एकड़ की नंदीशाला में करीब दो करोड़ रुपये से डेढ़ एकड़ में नया शेड तैयार किया गया है। इसके बन जाने से करीब 800 बेसहारा नंदी को सुरक्षित छत नसीब होगी। आने वाले दो माह में शेड के नीचे फर्श और खोर-प्याऊ निर्माण का काम भी पूरा हो जाएगा जिसके बाद नगर परिषद भिवानी और बवानीखेड़ा से बेसहारा नंदियों को पकड़कर यहां छोड़ा जा सकेगा।
श्री गोशाला ट्रस्ट भिवानी ने अपने बजट से बवानीखेड़ा-पपोसा मार्ग स्थित नंदीशाला में नये शेड का निर्माण कराया है। फिलहाल नंदीशाला में 300 नंदी हैं। ट्रस्ट के अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल ने बताया कि नए शेड में बेसहारा नंदियों के लिए पानी और चारे का प्रबंध भी ट्रस्ट ही करेगा। दरअसल, श्री गोशाला ट्रस्ट की बवानीखेड़ा शाखा पहले गायों के लिए इस्तेमाल होती थी लेकिन अब इसे विशेष रूप से बेसहारा नंदियों के लिए नंदीशाला में तबदील किया गया है।
नये शेड का क्षेत्रफल 273 गुना 210 फीट यानी करीब डेढ़ एकड़ है जो गर्मी और सर्दी में नंदियों को सुरक्षित आसरा देगा। इस शेड के निर्माण से नंदीशाला में करीब 800 और बेसहारा नंदियों को सुरक्षित रखा जा सकेगा। फिलहाल नगर परिषद की हालुवास गेट स्थित नंदीशाला में 850 नंदी हैं जहां भी नया शेड बनने वाला है।
सर्दी में धुंध से पहले सड़क से हटाए जाएंगे बेसहारा नंदी
सर्दियों में धुंध के दौरान सड़कों पर डेरा जमाए बैठे बेसहारा नंदियों की वजह से सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है। नंदीशाला और गोशाला ट्रस्ट के नए शेड में बेसहारा नंदियों को सुरक्षित पहुंचाने से यह समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। उम्मीद है धुंध के समय से पहले सभी बेसहारा नंदियों को आश्रय मिल जाएगा।
नंदी के सींगों पर लगाए जाएंगे रिफ्लेक्टर
धुंध के मौसम में कई स्वयंसेवी संस्थाएं यातायात पुलिस के साथ मिलकर बेसहारा नंदियों के सींगों पर रिफ्लेक्टर लगाने का काम करती हैं। इससे वाहन चालकों को दूर से ही पशु दिखाई देते हैं और हादसों की आशंका कम होती है। गो रक्षकों की मदद से यह काम जोखिम भरे हालात में भी किया जाता रहा है। इस बार भी नंदियों के सींगों पर रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे।
जिला प्रशासन लंबे समय से शहर में घूम रहे बेसहारा नंदियों को सुरक्षित आसरा देने का प्रयास कर रहा था। श्री गोशाला ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने गंभीरता से विचार कर इसे बवानीखेड़ा-पपोसा मार्ग पर नंदीशाला में बदल दिया। करीब दो करोड़ रुपये के बजट से डेढ़ एकड़ में नया शेड तैयार कराया गया है। फर्श और खोर-प्याऊ निर्माण का काम अगले दो माह में पूरा होगा। इस शेड में करीब 800 बेसहारा नंदी को रखा जा सकेगा। ट्रस्ट ने प्रशासन और नगर परिषद से आग्रह किया है कि बेसहारा पशुओं को सुरक्षित शेड तक पहुंचाने का काम करें, पानी और चारा का प्रबंध ट्रस्ट करेगा। - मोहनलाल अग्रवाल, अध्यक्ष, श्री गोशाला ट्रस्ट भिवानी