भिवानी। गांव बापोड़ा स्थित लंबे समय से बंद पड़े जलघर के जर्जर क्वार्टर में वीरवार को 49 वर्षीय श्याम सिंह का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भिजवाया।
श्याम सिंह अविवाहित था और घर में अकेला रहता था। वर्षों पहले उसके भाई की मृत्यु हो चुकी थी, जबकि छह माह पहले उसकी मां का भी देहांत हो गया था। इकलौती बहन कृष्णा की शादी हो चुकी है। कृष्णा के अनुसार, मां की मृत्यु के बाद से ही श्याम सिंह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। इसी मानसिक तनाव के चलते उसने आत्महत्या का कदम उठाया। जांच अधिकारी दीपक ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई की है।