भिवानी। रामपाल समर्थकों और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद के मामले में रविवार को गांव खरक राजान की धर्मशाला में चार घंटे तक चली पंचायत में 21 सदस्यीय कमेटी गठित की गई। पंचायत में खरक खांडयान, खरक राजान, खरक कलां, खरक खुर्द और कलिंगा गांव के सरपंचों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। तय किया गया कि कमेटी सदस्य सोमवार सुबह 9 बजे घायल युवक व उसके परिजनों से मिलकर तथ्य जुटाएंगे जिसके आधार पर आगे फैसला किया जाएगा।
हरियाणा राजपूत प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष डॉ. बृजपाल सिंह पप्पू ने बताया कि रविवार को पांचों गांवों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में चार घंटे तक पंचायत चली। पंचायत में सर्वसम्मति से 21 सदस्यों की कमेटी बनाई गई है जो सोमवार को घायल युवक से मिलकर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी।
बता दें कि 10 नवंबर को गांव खरक राजान में जोहड़ और खेतों से बारिश के पानी की निकासी के लिए रामपाल समर्थकों की ओर से पाइप और पंप मुहैया कराए जा रहे थे। इसी दौरान समर्थकों द्वारा एक कार्यक्रम भी किया गया जिसमें गांव का सरपंच प्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौजूद थे। पाइपलाइन बिछाने के दौरान रामपाल समर्थकों ने रामपाल को भगवान बताते हुए नारे लगाने शुरू कर दिए। इसका विरोध गांव के युवाओं ने किया तो दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। विवाद में सात से आठ युवकों को गंभीर चोटें आई थीं जिनमें से एक को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर करना पड़ा। सूचना मिलते ही खरक कलां पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और विवाद शांत कराया लेकिन किसी भी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई। चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती घायल युवक की एमएलआर भिवानी अस्पताल में तो दर्ज हुई लेकिन उसकी बयान देने की स्थिति नहीं थी। ऐसे में पुलिस भी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ा सकी।