भिवानी जनसंपर्क के तहत ग्रामीण सभा का संबोधित करते एडवोकेट कविता पातवान। संवाद
लोहारू। कस्बे में 23 जून को होने वाली किसान महापंचायत को सफल बनाने के लिए किसान नेताओं द्वारा गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एडवोकेट अशोक आर्य, एडवोकेट कविता पातवान और डॉ. बलबीर सिंह ठाकन ने फरटिया, गिगनाऊ, गोठड़ा, कुशलपुरा सहित कई गांवों का दौरा कर किसानों को महापंचायत में शामिल होने का न्योता दिया।
एडवोकेट अशोक आर्य ने बताया कि खरीफ फसल 2023 के लिए लोहारू हलके के किसानों का 190 करोड़ रुपये का बीमा क्लेम बकाया है, जो हरियाणा के हलका स्तर पर सबसे अधिक है। संयुक्त किसान मोर्चा सदस्य एडवोकेट कविता पातवान ने कहा कि करीब 350 करोड़ रुपये के फसल बीमा क्लेम घोटाले को लेकर किसान आक्रोशित हैं और 23 जून को लोहारू अनाज मंडी में होने वाली महापंचायत में हजारों किसान एकजुट होकर विरोध दर्ज कराएंगे।
किसान सभा नेता डॉ. बलबीर सिंह ठाकन ने बताया कि फसल बीमा क्लेम घोटाले और क्रॉप कटिंग रिपोर्ट से संबंधित तथ्यों और आंकड़ों को ग्रामीण किसान सभाओं में साझा किया जा रहा है, जिससे किसानों को अपने अधिकारों की पूरी जानकारी मिल रही है। इस मौके पर विनोद जांगड़ा, विजय गुरावा, दलवीर चैहड़ कलां, सतवीर गोकुलपूरा, शेर सिंह शास्त्री, जोगेंद्र, मंजीत श्योराण, जयसिंह और होशियार सिंह सहित कई किसान नेता मौजूद रहे।