भिवानी। मिशन बुनियाद कार्यक्रम के तहत वीरवार को भिवानी में जिलास्तरीय बुनियाद द्वितीय स्तर की परीक्षा हुई। परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय स्तर पर परीक्षा केंद्र बनाए गए। इसमें कुल 996 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान बच्चों के अभिभावक भी साथ पहुंचे। मिशन बुनियाद कार्यक्रम हरियाणा सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्रों के लिए 2022 में शुरू किया गया। कार्यक्रम में वर्तमान 9वीं और 10वीं में पांच हजार विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी नरेश मेहता ने बताया कि मिशन बुनियाद के द्वितीय स्तर की वीरवार को जिला स्तर पर परीक्षा हुई। हरियाणा के 22 जिलों में द्वितीय स्तर की परीक्षा के लिए कुल 65 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जिला भिवानी में मिशन बुनियाद के द्वितीय स्तर में कुल 1156 विद्यार्थियों को चुना गया था और 996 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। द्वितीय स्तर की परीक्षा को सुचारु रूप से आयोजित करने की जिम्मेदारी जिला विज्ञान विशेषज्ञ रोहित इंदौरा और जिला शिक्षा विभाग की रही।
भिवानी जिले के तीन विद्यालयों को केंद्र बनाया गया। पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी और सर्वपल्ली राधाकृष्णन लैब स्कूल बोर्ड भिवानी परीक्षा केंद्र रहे। द्वितीय स्तर की परीक्षा के सिलेबस में कक्षा 6वीं, 7वीं और 8वीं के गणित शामिल था। पेपर में कुल 200 अंक मिलेंगे, जिसमें 50 प्रश्न पूछे गए। प्रत्येक प्रश्न 4 अंक का होगा और हर गलत उत्तर पर एक नेगेटिव मार्किंग होगी। परीक्षा में ओएमआर शीट भरकर विद्यार्थियों ने उत्तर दिया। द्वितीय स्तर की परीक्षा में पूरे हरियाणा राज्य से लगभग 5000 बच्चों को तृतीय स्तर के लिए चयन किया जाएगा। इसमें कुल 3000 विद्यार्थियों को मिशन बुनियाद में दाखिला मिलेगा और उनकी कक्षाएं 15 अप्रैल से शुरू होंगी।
यह रही अभ्यर्थियों की परीक्षा केंद्र अनुसार स्थिति
राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल भिवानी
कुल छात्र- 426
उपस्थित- 363
अनुपस्थित- 63
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी
कुल विद्यार्थी- 430
उपस्थित-395
अनुपस्थित- 35
एसआरएस लैब स्कूल भिवानी
कुल विद्यार्थी- 300
उपस्थित विद्यार्थी- 238
अनुपस्थित- 62
कुल - 996 परीक्षार्थी
मिशन बुनियाद के तहत द्वितीय चरण की परीक्षा हुई है। इस परीक्षा में प्रथम चरण में सफल परीक्षार्थियों ने ही परीक्षा दी है। भिवानी जिले भर में 996 परीक्षार्थियों ने ये परीक्षा दी है। सफल परीक्षार्थियों को मिशन बुनियाद में दाखिला मिलेगा और उनकी कक्षाएं 15 अप्रैल से शुरू होंगी।
-रोहित इंदौरा, जिला विज्ञान विशेषज्ञ भिवानी।