भिवानी। गवर्नमेंट कॉलेज से बीए की परीक्षा देकर लौट रहे छात्र पर सोमवार की दोपहर एक बजे आठ से 10 युवकों ने हमला कर दिया। सुरक्षाकर्मियों ने छात्र को किसी तरह से छुड़वाया। इस दौरान छात्र की आंखों में गंभीर चोट आई। जिसे इलाज के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
कॉलेजों में इन दिनों स्नातक की परीक्षाएं चल रही है। सोमवार दोपहर करीब एक बजे गवर्नमेंट कॉलेज से परीक्षा देकर आए बीए प्रथम वर्ष के छात्र गांव फूलपुरा वासी साहिल पर करीब आठ से 10 युवकों ने हमला किया। युवकों ने आते ही उस पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। जिससे वहां हंगामा मच गया और लोगों की भीड़ झगड़ा देखने के लिए लग गई। मगर कोई भी युवक को छुड़वाने के लिए आगे आने की हिम्मत नहीं दिखा पाया। बाद में सुरक्षा कर्मी वहां पहुंचे और युवक को छुड़वाया। सूचना पर युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। जहां उसकी आंख पर गंभीर चोट बताई। घायल युवक ने बताया कि हमलावर बामला गांव के थे। कुछ दिन पहले तेज मोटरसाइकिल चलाने पर उन्हें टोका था। इसी कारण आज उस पर हमला किया है। मामले में टीआईटी चौकी इंचार्ज एसआई बीर सिंह ने बताया कि घायल युवक के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।