भिवानी। डाबर कॉलोनी स्थित एक मोबाइल कंपनी के टॉवर की केबल किसी अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति काट दी। जिससे 12 घंटे तक नेटवर्क बंद रहा। इस कारण हजारों मोबाइल कंपनी उपभोक्ता परेशान रहे। सूचना पर पहुंचे इंजीनियर ने केबल जोड़ी। वहां लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी तो नकाबपोश युवक केबल काटते नजर आया। जिसकी शिकायत पुलिस में दी गई।
पुलिस को दी शिकायत में कंपनी के सिक्योरिटी इंचार्ज विरेंद्र सिंह ने बताया कि एटीसी कंपनी की ओर से डाबर कॉलोनी में मोबाइल टॉवर लगाया हुआ है। पांच दिसंबर की रात और सुबह कंट्रोल रूम से फोन आया कि उपभोक्ताओं की शिकायतें आ रही है कि फोन में नेटवर्क की समस्या है। जिसके बाद छह दिसंबर को सुबह वे जांच के लिए भिवानी पहुंचे। जांच की तो पाया कि टावर की केबल कटी हुई थी। जिसके बाद केबल जोड़ नेटवर्क शुरू किया गया। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर देखी तो पाया कि रात करीब 10:40 पर एक अज्ञात युवक मुंह पर कपड़ा ठापे केबल काटकर फरार हो गया। मामले में एसएचओ विक्रम सिंह ने बताया कि केबल काटने का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।