भिवानी। रेलवे स्टेशन के नजदीक स्थित पटवार खाना में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से रिकार्ड जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। पटवार खाना में सुबह करीब साढ़े नौ बजे आग लग गई। यहां नगर परिषद के पास बने पटवार खाना से धुआं उठता देख कर्मियों ने इसकी सूचना दमकल विभाग और तहसीलदार को सूचना दी। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। तब तक काफी रिकार्ड जल चुका था। अधिकारियों की माने तो यहां पुराने रिकार्ड थे, जिन्हें निकाला गया था। रेवेन्यू का रिकार्ड सुरक्षित है। पटवारी मनोज कुमार ने बताया कि वह आया तो यहां धुआं उठ रहा था। जिसके बाद दमकल विभाग को सूचित किया।
आग में जल गई डेढ़ लाख की ईंख
भिवानी।प्रेम नगर गांव के ईंख के खेत में आग लगने से करीब डेढ़ लाख की ईंख जल गई। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू किया।
मामला दोपहर करीब डेढ़ बजे का है। प्रेम नगर वासी किसान जयबीर ने खेतों में ईंख लगा रखी है। दोपहर के समय संदिग्ध परिस्थितियों में फसल में आग लग गई । दोपहर करीब तीन बजे जयबीर का बेटा मंदिर घर पहुंचा तो घर के पीछे खेतों में आग लगी देखी। जिसके बाद दमकल विभाग को सूचित किया गया। सूचना पर पहुंचे दमकल विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मामले में मंदीप ने बताया कि करीब डेढ़ एकड़ में ईंख थी, जो आग में जलकर खराब हो गई। आग से करीब डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है।