लोहारू । शहर निवासी 82 वर्षीय बुजुर्ग से मोबाइल पर बातचीत कर बाद में घर में रोजगार मांगने का झांसा देकर महिला और उसके पांच सहयोगियों ने हनीट्रैप में फंसाकर करीब 40 लाख रुपये हड़प लिए। इस मामले में पुलिस ने मंगलवार को महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। चार पुरुष आरोपियों को पांच दिन तथा महिला आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
लोहारू पुलिस थाना प्रभारी जरनैल सिंह ने बताया कि तीन दिन पहले बुजुर्ग ने पुलिस को लिखित शिकायत दी कि एक महिला उसके घर काम मांगने के लिए आई थी। महिला ने उसे प्रसाद के लड्डू में नशीला पदार्थ खिलाकर आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बना लिया। इसके बाद महिला और उसके सहयोगियों ने बुजुर्ग को ब्लैकमेल कर दो लाख रुपये नकद और करीब 38 लाख रुपये चेक के माध्यम से बैंक से निकलवाए।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसके बाद भी आरोपी उसे लगातार परेशान कर रहे थे। घटना के करीब डेढ़ महीने बाद ही बुजुर्ग ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। मंगलवार को महिला सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। रिमांड के दौरान मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। थाना प्रभारी ने बताया कि यह लोहारू में हनीट्रैप का पहला मामला है।