अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। नेहरू पार्क के साथ लगती पार्किंग की जगह को पुलिस ने अपना हक जताते हुए कब्जे में ले लिया है। यहां खड़ी होने वाली टैक्सी को बाहर निकाल दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यहां वर्षों पहले पुलिस पोस्ट होती थी और पैमाइश में यह जगह पुलिस विभाग की है। यहां वर्षों पहले पुलिस पोस्ट होती थी। वहीं 50 साल बाद पुलिस विभाग को अपनी पुलिस पोस्ट आने और इस तरह नेहरू पार्क के एक हिस्से पर कब्जा कर लेने से सभी हैरान हैं। नगर परिषद चेयरमैन का कहना है कि पुलिस विभाग ने अपना मालिकाना हक जताया है। रिकार्ड की जांच की जाएगी और इस बारे में उपायुक्त से भी बैठक की जाएगी।
नेहरू पार्क के बेपटिस्ट स्कूल वाली साइड पर करीब तीन-चार साल पहले पार्किंग की व्यवस्था की गई। शहर के बाजारों में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के चलते दुकानदारों के लिए यहां पार्किंग की व्यवस्था नगर परिषद की ओर से की गई थी। इसका ठेका भी दिया गया। मगर दुकानदारों व आमजन ने इसमें ज्यादा रुचि नहीं दिखाई। इसके चलते यह टैक्सी स्टैंड बनकर रह गया।
शनिवार सुबह अचानक पुलिस के जवान यहां पहुंचे और सभी टैक्सी ड्राइवरों को अपनी टैक्सी यहां से हटाने के निर्देश दिए। पूरा पार्किंग स्थल खाली करवा लिया गया। इसके बाद यहां टेंट लगाकर पुलिस पोस्ट बनाई गई। दो पुलिस कर्मियों की यहां ड्यूटी लगाई गई है।
मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने बताया कि वर्षों पहले यहां पुलिस पोस्ट होती थी और यह जगह पुलिस विभाग की है। पुलिस पोस्ट करीब 50 वर्ष पहले बताई जा रही है। इतने लंबे समय बाद इस तरह जगह खाली करवा कब्जा कार्रवाई को लेकर सभी हैरान है।
वर्जन::::
पुलिस विभाग की जमीन के रिकॉर्ड की जांच की और पैमाइश करवाई तो यह टैक्सी स्टैंड की जगह पुलिस विभाग की मिली। इसके तहत यहां से टैक्सी स्टैंड हटाया गया है। रिकॉर्ड में यह जमीन पुलिस विभाग की है।
-गंगाराम पूनिया, पुलिस अधीक्षक
वर्जन:::
पुलिस विभाग नेहरू पार्क के एक हिस्से पर अपना कब्जा बता रहा है। विभाग अधिकारियों का कहना है कि 50 साल पहले यहां पुलिस पोस्ट थी। रिकॉर्ड में जगह उनकी है। अब सोमवार को रिकार्ड की जांच करवाई जाएगी। इसके अलावा डीसी से भी इस संबंध में बात की जाएगी।
-रण सिंह यादव, चेयरमैन नगर परिषद